नियुक्ति पत्र
नियुक्ति पत्र...........
________________
घर के बगल में ही सत्तू की परचून की दूकान है । दूकान के सामने गली में लकड़ी की बेंच पर सत्तू के पिताजी लाधू महाराज , हनुमान सिंह जी बैठे बतिया रहे थे । तभी अपने घर से धोंकल जी ताऊ जी निकले और मेरे घर का दरवाजा जोर से खड़खड़ाया और बेंच के पास पहुंच गये । वहां जाकर उनसे बात करने लगे । इन सब की आपस में खूब घुटती थी । सभी एक ही महकमे बिजलीघर से रिटायर हुए थे , इनका बरसों का साथ रहा है। सभी ने करीब पैंतीस साल पहले यहां मकान भी एक साथ ही बनाया था । यही नहीं सभी चारों ने अपने मकान बनाने का मुहूर्त भी एक दिन ही रखा था । हम सब बच्चों का बचपन भी इन घरों में हंसते खेलते निकला , कभी यह अहसास नहीं हुआ कि कोई घर अपना नहीं है। परिवार का भाव हमेशा बना रहा आपस में ।
पिताजी दरवाजे पर दस्तक सुन कर गली में निकल आये । पिताजी के देखते ही धोंकल जी ताऊ जी ने कहा _ अरे देईदान , लारे डाकियो किसो कागज लायो हो , खाकी लाग्यो । कोई सरकारी दिखै । पिताजी ने कहा _इन्द्र रो हो , कांइ ठा कांई रो है । मुझे पता है कि पिताजी ज्यादातर डाक उपर रौशन दान में रख देते ताकि बच्चों के हाथ न लगे । धोंकल जी ताऊ जी ने कहा कि , कागज़ ला तो देखां सरकारी है , कंई ठा काम रो ही होवे । वे बिजलीघर में ई. एस. पद से रिटायर हुए थे , सरकारी कागज की अहमियत जानते थे । पिताजी पत्र ले आए। पत्र खोलकर देखा तो उसमें मेरा नियुक्ति पत्र था , सरकारी कालेज में व्याख्याता पद पर । धोंकल जी ताऊ जी ने खुशी से लगभग चिल्लाते हुए कहा _अरे देईदान , ओ तो इन्द्र री नोकरी रो कागज है । उनके हाथ कंपकंपा रहे थे । फिर तेजी से कागज उलट पुलट करने लगे और बड़बड़ाने लगे _टाईम निकल तो नहीं गयो है , कठैई जाॅईन करण रो । यह कह कर पिताजी पर गुस्सा करने लगे कि टाईम सर कागज देखे कोनी , समझ नहीं आवे तो पुछणो चाईजे । पिताजी के चेहरे पर आई एकबारगी उभरी चमक धूमिल हो गई , दिल बैठने लगा । पूरे जीवन में इस खुशी का इंतजार रहा , कहीं उनकी गलती से..... यह सोचते हुए बैंच पर निढाल से हो गये । तभी धोंकल जी ताऊ जी ने कहा _अबार पांच सात दिन रो टाईम है । सभी की आंखों में चमक उभर आई, चेहरे खिल उठे । पिताजी के लिए बहुत बड़ा दिन था आज ।
उन दिनों मैं कभी जयपुर तो कभी दिल्ली रहता था , घर में किसी को यह अंदाजा नहीं था मैं कहाँ हूं । घर में बड़ी अफरा-तफरी थी सभी मेरी लापरवाही को लेकर भला बुरा कह रहे थे । सब को चिंता कि अब मुझे कहाँ ढूंढें । जाॅईन करने में समय कम बचा था । शाम को पिताजी मेरे दोस्त संतोष के घर पहुंच गए । तब फोन की सुविधा घरों में नहीं होती थी पूरे मोहल्ले में एक-दो घर में फोन हुआ करते थे । फिर मेरा कोई फोन नंबर भी नहीं था । आखिर दिल्ली व जयपुर दोनों पते पर मुझे टेलीग्राम किया गया । घर में अभी भी बहुत तनाव था , समय पर मुझे खबर होगी कि नहीं । पिताजी इसी माह रिटायर हो रहे हैं , यह नोकरी किसी वरदान से कम नहीं थी । घर में सभी चुपचाप अपनी उधेड़बुन में जी रहे थे ।
मुझे याद है मैं उस दिन दिल्ली से जयपुर आया ही था , शाम को मण्डल सर के घर बैठा था कि हाॅस्टल से मेरा मित्र व रुमपार्टनर अनिल टेलीग्राम लेकर आया और आते ही बोला _ बेटा , तेरी तो लोटरी लग गई , जल्दी निकल ले । मैं मण्डल सर के पांव छूकर निकल पड़ा । इस नौकरी का सारा श्रेय मण्डल सर को ही जाता है क्योंकि उन्होंने ही जिद कर यह फोर्म भरवाया था तथा खुद जाकर जमा करा कर आये थे ।
घर आकर , दूसरे दिन साईकिल उठाई और काॅलेज की ओर निकल पड़ा । इन रास्तों से मैं बरसों गुजरा हूँ जब इसी काॅलेज में पढ़ने जाया करता था । जब कालेज में प्रवेश कर रहा था तो अलग सी ही अनुभूति हो रही थी , जिसे आज तक मैं शब्दों में नहीं बता सका । वह केवल नौकरी का ही मसला नहीं था , जीवन के संघर्ष की जीत का अहसास था । एक सुखद.... अहसास ।
___________________
© inder
Comments
Post a Comment